UTU पेपर लीक : शिवालिक कॉलेज का सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार, दो परीक्षाएं रद्द

दो विषयों के प्रश्नपत्र लीक होने के बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षाएं निरस्त कराई , सीएम धामी के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस ने की गिरफ्तारी
देहरादून। वीर माधो सिंह भडारी उत्तराखण्ड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) की सम-सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप और छात्रों के आंतरिक पोर्टल के माध्यम से प्रश्नपत्र से मेल खाते महत्वपूर्ण प्रश्न साझा कर छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास किया। मामले के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
उत्तराखण्ड तकनीकी विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की तहरीर पर कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार विश्वविद्यालय को एक ई-मेल के जरिए सूचना मिली थी कि 3 जुलाई को आयोजित परीक्षा से पहले आरोपी ने छात्रों के साथ महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे। परीक्षा के बाद जब इन प्रश्नों का वास्तविक प्रश्नपत्र से मिलान किया गया तो उनमें काफी समानता पाई गई।
गौरतलब है कि इस मामले में विश्वविद्यालय की दो सम-सेमेस्टर परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने का खुलासा हुआ था। जांच में सामने आया कि परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल पर साझा किए गए प्रश्न वास्तविक प्रश्नपत्र से काफी हद तक मेल खाते थे। इसके बाद विश्वविद्यालय ने ‘मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स (Machine Learning for Internet of Things)’ और ‘इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी (Electromagnetic Field Theory)’ विषयों की परीक्षाएं निरस्त कर अगस्त के तीसरे सप्ताह में दोबारा आयोजित कराने का फैसला लिया था। विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच में सहायक प्रोफेसर की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की गई।
विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316, 318(4) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी परमेन्द्र सिंह डोभाल के निर्देश पर पुलिस ने साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस का कहना है कि जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी आशीष कुमार गुप्ता मूल रूप से शाकुम्भरी विहार, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत था।




