
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी रेड अलर्ट पर डीएम का बड़ा फैसला
देहरादून। जिले में लगातार खराब हो रहे मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार, 10 जुलाई को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी रेड अलर्ट के बाद यह निर्णय विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जिलाधिकारी आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले में संचालित कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, अशासकीय और निजी विद्यालय शुक्रवार को बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
प्रशासन का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान जिले के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश की संभावना है। संभावित जोखिम को देखते हुए एहतियाती कदम के रूप में यह फैसला लिया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास न जाएं तथा प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।




