
दिल दहला देने वाली घटना
हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। यहां एक पिता ने अपनी चार साल की मासूम बेटी की सिर्फ इस बात पर बेरहमी से पिटाई कर दी कि वह एक से 50 तक गिनती नहीं लिख पाई। यह हृदयविदारक घटना 21 जनवरी को हुई, जिसकी जानकारी पुलिस ने शुक्रवार को दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कृष्णा जायसवाल के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के खेरटिया गांव का निवासी है और फरीदाबाद के सेक्टर-58 इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। आरोपी और उसकी पत्नी दोनों निजी कंपनियों में काम करते थे। पत्नी दिन में नौकरी पर जाती थी, जबकि कृष्णा घर पर रहकर बच्चों की देखभाल करता था और अपनी बेटी को पढ़ाता था।
पढ़ाई के नाम पर बेरहमी
घटना वाले दिन कृष्णा ने अपनी चार साल की बेटी को एक से 50 तक गिनती लिखने को कहा। मासूम बच्ची जब यह काम पूरा नहीं कर पाई तो पिता आपा खो बैठा। गुस्से में उसने बच्ची को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि मारपीट इतनी ज्यादा थी कि बच्ची की हालत मौके पर ही गंभीर हो गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
मां ने देखा दर्दनाक मंजर
शाम को जब मां काम से घर लौटी तो उसने अपनी बेटी को मृत अवस्था में पाया। यह दृश्य देखकर वह बदहवास हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
समाज को झकझोर देने वाला सवाल
यह घटना सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है। मासूम बच्चों पर पढ़ाई और प्रदर्शन का अनावश्यक दबाव किस हद तक खतरनाक हो सकता है, यह इस दिल दहला देने वाले मामले में साफ नजर आता है।
स्थानीय लोग और सामाजिक संगठनों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए बच्चों की सुरक्षा और उनके साथ मानवीय व्यवहार की जरूरत पर जोर दिया है।




