
वाहन और अन्य की तलाश जारी
रुद्रप्रयाग। शुक्रवार देर रात्रि श्रीनगर रोड पर नरकोटा के पास एक बोलेरो कैंपर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जिला नियंत्रण कक्ष, रुद्रप्रयाग से रात करीब 11:30 बजे एसडीआरएफ को सूचना मिली, जिसके बाद एसडीआरएफ पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचकर एसडीआरएफ टीम ने डीडीआरएफ और जिला पुलिस के साथ संयुक्त सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों के बीच टीम ने नदी किनारे व्यापक तलाशी अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान एक शव बरामद किया गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद रोप स्ट्रेचर की सहायता से सड़क तक लाया गया। इसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो कैंपर संभवतः नदी में गिर गया है। रात अधिक होने और दृश्यता कम होने के कारण वाहन का पता नहीं चल पाया था। एसडीआरएफ की टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रखा गया है, ताकि वाहन की स्थिति और हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी सड़कों पर यात्रा करते समय सतर्कता बरतें और मौसम व सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए वाहन चलाएं।




