
देहरादून। सेलाकुई स्थित माया देवी विश्वविद्यालय में Workians Realty Pvt. Ltd. के सहयोग से एक सफल प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस प्लेसमेंट अभियान में विश्वविद्यालय के एमबीए एवं बीबीए पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान Workians Realty Pvt. Ltd. की ओर से नामित प्रतिनिधियों ने छात्रों के लिए कड़ी चयन प्रक्रिया अपनाई। चयन प्रक्रिया में समूह चर्चा (ग्रुप डिस्कशन) और व्यक्तिगत साक्षात्कार (पर्सनल इंटरव्यू) शामिल रहे। इस पूरी प्रक्रिया के बाद विश्वविद्यालय के कुल 19 प्रतिभाशाली छात्रों का प्रतिष्ठित पदों के लिए चयन किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) आशीष सेमवाल ने बताया कि चयनित छात्रों की यह सफलता संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उद्योग-केंद्रित पाठ्यक्रमों का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करना है। छात्रों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय को गर्व है।
विश्वविद्यालय की उपाध्यक्षा प्रो. (डॉ.) तृप्ति जुयाल सेमवाल ने कहा कि यह प्लेसमेंट विश्वविद्यालय के उत्कृष्ट प्लेसमेंट रिकॉर्ड में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय सदैव छात्रों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहता है।
वहीं Workians Realty Pvt. Ltd. की महानिदेशक निधि रॉय ने कहा कि उनकी कंपनी हमेशा नई और प्रतिभाशाली युवाओं की तलाश में रहती है। माया देवी विश्वविद्यालय के छात्रों में जो जुनून, आत्मविश्वास और कौशल देखने को मिला, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने चयनित छात्रों को कंपनी की टीम में शामिल करने को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की।
प्लेसमेंट ड्राइव की सफलता पर विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और छात्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।



