
टोंस ब्रिज स्कूल बना ताइक्वांडो चैंपियन, दो दिवसीय प्रतियोगिता का रंगारंग समापन
मसूरी/देहरादून। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एवं सरस्वती विद्या मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

प्रतियोगिता में टोंस ब्रिज स्कूल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं ग्लोबल ताइक्वांडो एकेडमी को द्वितीय और सेंट मेरी स्कूल को तृतीय स्थान से संतोष करना पड़ा।
समापन समारोह के अवसर पर मसूरी नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित करते हुए कहा कि ताइक्वांडो केवल आत्मरक्षा की कला नहीं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक-मानसिक मजबूती का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए खेलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, सभासद गौरी थपलियाल, शिवाजी भारती एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री सौरभ खन्ना भी उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन की सराहना की। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में ताइक्वांडो एकेडमी के कोच शत्रुघन, सचिव कर्ण कुमार, सह-सचिव आशुतोष जोशी, रेफरी नितिन पंवार, शुभम सिंह, दीपक शर्मा, अक्षय कुमार, मास्टर गगन सिंग भंडारी, संजीव चौधरी, योगेश भारद्वाज, आयुष राज, राहुल बहादुर, अमन पाल एवं आदित्य सिंह का विशेष योगदान रहा।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों के माध्यम से नशे से दूर रखना और सकारात्मक दिशा प्रदान करना है।




