
सीएम ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
गोवा के पर्यटन क्षेत्र अरपोरा में स्थित बिर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में देर रात हुआ भीषण अग्निकांड बड़ा हादसा बन गया। इस दर्दनाक घटना में 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब 12 बजे हुई। होटल में ठहरे कुछ लोगों ने क्लब से उठती लाल लपटें देखीं। तुरंत पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर जुटे और रेस्क्यू शुरू किया। पुलिस के शुरुआती बयान के अनुसार, 23 लोगों की मौत दम घुटने से हुई, जबकि 2 की मौत जलने से हुई है। मृतकों में चार टूरिस्ट और 14 क्लब कर्मचारी शामिल हैं, जबकि अन्य 7 लोगों की पहचान की जा रही है।
आग के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्लब के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है और क्लब मालिक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
सीएम प्रमोद सावंत ने किया दौरा, मीडिया को दी जानकारी
रविवार सुबह गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत घटनास्थल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने पुष्टि की कि हादसे में 25 लोगों की मौत हुई है और सभी 6 घायलों की हालत स्थिर है। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं।
सीएम ने बताया कि प्राइमरी जांच से संकेत मिले हैं कि आग पहले फ्लोर से शुरू हुई, लेकिन क्लब में मौजूद छोटे दरवाजों और भीड़भाड़ के कारण लोग बाहर नहीं निकल पाए। कुछ लोग ग्राउंड फ्लोर की ओर भागे और वहीं फंस गए।
क्लब के सिक्योरिटी गार्ड संजय कुमार गुप्ता ने बताया—
“घटना रात 11 से 12 बजे के बीच की है। मैं गेट पर था। अंदर डीजे और डांसर आने वाले थे, भीड़ बहुत होने वाली थी। अचानक आग लग गई।”
सीएम ने यह भी कहा कि यह जांच की जाएगी कि क्लब में फायर सेफ्टी मानकों और भवन निर्माण नियमों का पालन किया गया था या नहीं। दोषी पाए जाने वालों को कड़ी सजा दी जाएगी।
सीएम सावंत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं फोन कर घटना की जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
गोवा सरकार का कहना है कि वह यह सुनिश्चित करेगी कि ऐसी दर्दनाक घटना दोबारा न हो सके।




