उत्तराखंड
Trending

उत्तरांचल प्रेस क्लब में धूमधाम से मनाया गया ईगास पर्व, ढोल-दमाऊ की थाप पर खेला गया भेलो

देहरादून।

टिहरी स्मृति मंच और उत्तरांचल प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब परिसर में पारंपरिक ईगास महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पारंपरिक व्यंजन पूड़ी-पकौड़े का आनंद लिया और पारंपरिक खेल भेलो खेलकर ईगास पर्व की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा गणेश वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद तबला वादकों ने मनमोहक प्रस्तुति दी। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता अभिनव थापर, विशिष्ट अतिथि भाजपा नेत्री ज्योति सिंह बिष्ट, तथा टिहरी स्मृति मंच की अध्यक्ष व राज्य मंत्री विनोद उनियाल और उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कंडारी मौजूद रहे।

राज्य मंत्री विनोद उनियाल ने कहा कि ईगास उत्तराखंड का गौरवशाली लोक पर्व है, जो अब सीमाओं से निकलकर देश-विदेश में भी मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “हमारी कोशिश है कि आने वाली पीढ़ी भी इस पर्व का महत्व समझे और इसे उसी उत्साह से आगे बढ़ाए।”

अभिनव थापर ने कहा कि “ईगास हमारी संस्कृति की ऊर्जा और एकता का प्रतीक है। जिस तरह से अन्य समाज अपने त्यौहारों को मनाते हैं, उसी तरह उत्तराखंड का ईगास पर्व हमारी परंपरा और पहचान को जीवंत रखता है।”

ज्योति सिंह बिष्ट ने कहा कि विकास केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि संस्कृति से भी जुड़ा है। उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराएं अन्य राज्यों के लोगों को आकर्षित करती हैं और सकारात्मक संदेश देती हैं।”

कार्यक्रम के समापन पर प्रेस क्लब परिसर में ढोल-दमाऊ की थाप पर पारंपरिक नृत्य हुआ। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भेलो खेला और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, उनके परिजन तथा टिहरी स्मृति मंच से जुड़े सदस्य मौजूद रहे। पूरे आयोजन में पारंपरिक उल्लास और लोकसंस्कृति की छटा बिखरी रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button