उत्तराखंडविविध

जीआरपी देहरादून ने आयोजित की “रन फॉर यूनिटी” , सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर उमड़ा उत्साह

लौह पुरुष की याद में रेलवे रोड पर दौड़, 150 प्रतिभागियों ने लिया भाग, राष्ट्रीय एकता का संकल्प

देहरादून। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर थाना जीआरपी देहरादून की ओर से आज “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) उत्तराखंड के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक रेलवेज श्रीमती तृप्ति भट्ट, अपर पुलिस अधीक्षक रेलवेज सुश्री अरुणा भारती और पुलिस उपाधीक्षक रेलवेज श्री स्वप्निल मुयाल के पर्यवेक्षण में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।

थानाध्यक्ष श्री सतीश चंद्र घिल्डियाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में रेलवे रोड स्थित होटल ली रॉय से लगभग तीन किलोमीटर लंबी दौड़ निकाली गई। दौड़ का मार्ग निरंकारी भवन से होकर पुनः होटल ली रॉय पर समाप्त हुआ।

इस दौड़ में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लख्खीबाग की लगभग 50 छात्राओं सहित आरपीएफ देहरादून, रेलवे विभाग, ब्रह्मकुमारी संस्था के सदस्य, शिक्षकगण और अन्य नागरिकों समेत कुल लगभग 150 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सरदार पटेल के चित्रयुक्त बैनर और “Run for Unity” तख्तियां हाथों में लेकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ ली। मंच से गूंजते संकल्प — “मैं भारत की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लेता हूँ” — ने वातावरण को देशभक्ति से भर दिया।

विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को फूड पैकेट और जलपान वितरित किया गया। साथ ही कार्यक्रम का वीडियो और फोटोग्राफी भी कराई गई।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक रेलवेज श्री स्वप्निल मुयाल, थानाध्यक्ष सतीश चंद्र घिल्डियाल मय टीम, आरपीएफ प्रभारी पंकज यादव, एसआई प्रवीना सिदोला, प्रवक्ता सरिता (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज), श्री प्रमोद कुमार (अध्यक्ष ब्रह्मकुमारी संस्था), श्री पी.सी. कुलाश्री (सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी), श्री विनोद ध्यानी (सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य) और 108 एंबुलेंस टीम मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button