Breaking Newsअपराधदेश
Trending

भीषण धमाका : मस्जिद के पास खड़ी दो स्कूटी में विस्फोट, आठ घायल, चार की हालत गंभीर

मूलगंज के बिसाती बाज़ार इलाके में हुआ हादसा

फोरेंसिक टीम, बम स्क्वायड और एटीएस मौके पर, डीजीपी ने मांगी जांच रिपोर्ट

बुधवार शाम कानपुर के मूलगंज थाना क्षेत्र के मिश्री बाजार स्थित बिसाती बाजार में उस समय दहशत फैल गई जब मस्जिद के पास खड़ी दो स्कूटियों में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि आवाज दूर तक सुनाई दी और इलाके में अफरातफरी मच गई। धमाके की चपेट में आए आठ लोग घायल हुए, जिनमें एक महिला भी शामिल है। चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें उर्सला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया है।

विस्फोट से मस्जिद और दुकानों को नुकसान

धमाका मेस्टन रोड के पास बिसातखाना क्षेत्र में हुआ, जहां बाजार में उस समय काफी भीड़ थी। विस्फोट के झटके से पास की मस्जिद की दीवारों में दरारें आ गईं, जबकि आसपास की कई दुकानों की फॉल सीलिंग नीचे गिर गई। पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके को सील कर दिया और भीड़ को हटाकर राहत व जांच कार्य शुरू किया।

फोरेंसिक टीम, बम स्क्वायड और एटीएस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल से विस्फोटक पदार्थ के नमूने एकत्र किए। अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में पुष्टि की कि दोनों स्कूटियों में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी।

डीजीपी ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

घटना की जानकारी मिलते ही डीजीपी राजीव कृष्णा ने पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से विस्तृत रिपोर्ट मांगी। उन्होंने फोरेंसिक टीम को मौके से मिले नमूनों की रिपोर्ट जल्द देने के निर्देश दिए। एटीएस की दो टीमें लखनऊ से कानपुर पहुंच चुकी हैं और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर साक्ष्य जुटा रही हैं। एडीजी कानून व्यवस्था ने एसटीएफ को भी सतर्क कर दिया है।

पटाखों से हादसे की आशंका

डीसीपी पूर्वी आशुतोष कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि स्कूटी में रखे पटाखों में दबाव बढ़ने से विस्फोट हुआ। स्कूटी मालिक की पहचान कर ली गई है। वह कानपुर का ही निवासी है जो अपने पिता के साथ बाजार में खरीदारी करने आया था। उसने पटाखे स्कूटी में रखे थे, संभवतः गर्मी या दबाव के कारण उनमें धमाका हुआ। फिलहाल किसी आतंकी साजिश की संभावना नहीं मिली है।

कानपुर के सीएमओ ने बताया कि उर्सला अस्पताल में आठ घायलों को लाया गया था। इनमें चार की हालत गंभीर थी जिन्हें लखनऊ रेफर किया गया है। दो लोग अस्पताल में भर्ती हैं जबकि दो ने प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी ले ली है।

घायलों में लाल बंगला निवासी अश्विनी कुमार (58), पश्चिम बंगाल मूल के रईसुद्दीन (35) (हाल निवासी बेकनगंज), बिसातखाना निवासी अब्दुल (24), मोहम्मद मुर्सलिन (25), मीरपुर निवासी किशोर जुबीन (15) और बेकनगंज की रहने वाली किशोरी सुहाना शामिल हैं।

धमाके के बाद पूरे मिश्री बाजार और बिसाती बाजार क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने सभी दुकानों को बंद करवाया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारी हर एंगल से जांच कर रहे हैं कि कहीं यह दिवाली से पहले अवैध पटाखा निर्माण या विस्फोटक सामग्री के परिवहन से जुड़ा मामला तो नहीं है।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह फर्रुखाबाद जिले में कोचिंग सेंटर में धमाका हुआ था, जिसमें दो युवकों की मौत और कई लोग घायल हुए थे। कानपुर की यह घटना उसी तर्ज पर एक और बड़ा हादसा बनकर सामने आई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ गई है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button