
14वां रोहिताश सिंह मेमोरियल इंटर स्कूल ब्वॉयज सुपर आठ क्रिकेट टूर्नामेंट 2025
देहरादून। न्यू रोड स्थित द हैरिटेज स्कूल में शुक्रवार को रोहिताश सिंह मेमोरियल इंटर स्कूल ब्वॉयज सुपर आठ क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़ जोरदार मुकाबले से हुआ। पहले ही मैच में दून इंटरनेशनल स्कूल ने कर्नल ब्राउन को एक पारी और छह रन से हराकर टूर्नामेंट की धमाकेदार शुरुआत की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कर्नल ब्राउन की टीम महज 15 रन ही बना सकी। इसके जवाब में दून इंटरनेशनल ने 49 रन ठोकते हुए बढ़त बना ली। दूसरी पारी में भी कर्नल ब्राउन केवल 28 रन तक सिमट गई और निर्धारित स्कोर से पीछे रहने के कारण हार का सामना करना पड़ा।
प्रतियोगिता में इस बार 11 प्रतिष्ठित स्कूलों की टीमें मैदान में उतरी हैं, जिनमें सेंट थॉमस कॉलेज, गुरु नानक एकेडमी, न्यू दून ब्लॉसम्स, सेंट जूड्स, विनहिल ग्लोबल, कैम्ब्रिज डालनवाला और द हैरिटेज स्कूल के विभिन्न परिसर शामिल हैं।
उद्घाटन अवसर पर द हैरिटेज स्कूल के चेयरमैन चौधरी अवधेश कुमार, निदेशक विक्रांत चौधरी, काउंसलर चारू चौधरी और प्रधानाचार्या डॉ. अंजू त्यागी समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और खेल प्रेमी मौजूद रहे। खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बनता था।




