
प्राथमिकता के आधार पर समाधान का भरोसा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में राजकीय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने भेंट की और अपनी विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सचिव कार्मिक की अध्यक्षता में सचिव शिक्षा, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा तथा राजकीय शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों के साथ एक सप्ताह के भीतर बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ के मांग पत्र का नियमों के आलोक में परीक्षण कर अग्रेतर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री रमेश पैन्यूली, उपाध्यक्ष राजकुमार चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



