
देहरादून, 17 सितम्बर : दून मेडिकल कॉलेज सभागार से बुधवार को ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने किया। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे मिशन मोड में अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं।
प्रधानमंत्री का संदेश
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश से वर्चुअल संबोधन किया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति और खुशहाली के लिए महिलाओं का स्वस्थ और सशक्त होना बेहद आवश्यक है।
दो अक्टूबर तक चलेंगे स्वास्थ्य शिविर
रेखा आर्या ने बताया कि अभियान के तहत 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसमें किशोरियों से लेकर सभी आयु वर्ग की महिलाओं को जांच का लाभ मिलेगा।
महिलाओं के स्वस्थ होने से परिवार मजबूत
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यदि महिलाएं पूरी तरह स्वस्थ होंगी तो परिवार की उत्पादकता भी बढ़ेगी और इससे प्रदेश मजबूत व सशक्त बनेगा।
रेखा आर्या ने आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों और प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की और किसानों से भी बातचीत कर उनके अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, सविता कपूर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।