चमियाला बाजार में दुकान की जर्जर रेलिंग गिरने से युवक की मौत
बाजार में अफरा-तफरी, दो बाइक भी क्षतिग्रस्त

व्यापारियों ने प्रशासन से पुराने भवनों की जांच की मांग की
घनसाली : नगर पंचायत चमियाला बाजार में वीरवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक दुकान की जर्जर रेलिंग अचानक नीचे गिर गई, जिससे उसके नीचे खड़े पूरब सिंह (48) पुत्र हुकम सिंह ग्राम कोठगा केमर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत सीएचसी बेलेश्वर ले जाया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा अचानक हुआ, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। रेलिंग गिरने से नीचे खड़ी दो बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि रेलिंग गिरने से ईट और मलबा सीधे पूरब सिंह के सिर पर गिरा, जिससे उनकी मौके पर ही गंभीर स्थिति हो गई। शव को मोर्चरी में रखा गया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक दुकान की रेलिंग लंबे समय से जर्जर थी और अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ी। इस घटना से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बाजार में बने पुराने और कमजोर भवनों की तत्काल जांच की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।



