दून इंस्टीट्यूट के निशानेबाज़ों ने राज्य चैम्पियनशिप में लहराया परचम, 55 पदक किए नाम

देहरादून। दून इंस्टीट्यूट ऑफ शूटिंग एंड स्पोर्ट्स के निशानेबाज़ों ने अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 23वीं उत्तराखंड राज्य निशानेबाज़ी चैम्पियनशिप में कुल 55 पदक अपने नाम किए। इनमें 25 स्वर्ण, 20 रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता का आयोजन जसपाल राणा शूटिंग रेंज, पौंधा में किया गया।
संस्थान के प्रमुख पदक विजेताओं में आराध्या ओबेरॉय, यमैरा तोमर, दिव्यस्था रावत, योहाना तोमर, युविका तोमर, सोना कुकरेती, शालू तोमर, विनय जोशी, यश जोशी, विहान दत्त कांडवाल, अंशुमन रुहेला, रेवा सभरवाल, सेहर धंड, प्रेरणा गुप्ता, रश्मि खत्री, रैना कोठारी, डेमियन गर्ग, अरिंजय बेगानी, रणबीर रंधावा और अनुश्का ओतानी सहित कई खिलाड़ियों ने संस्था का नाम रोशन किया।
सिर्फ पदक जीतने तक ही नहीं, बल्कि संस्थान के लगभग 40 खिलाड़ी आगामी ज़ोनल और प्री-नेशनल प्रतियोगिताओं के लिए भी क्वालीफाई कर चुके हैं, जो आने वाले समय में और बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद जगाते हैं।
मुख्य कोच मयंक मारवाह ने कहा कि खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद उत्साहजनक है और उनकी अकादमी खिलाड़ियों के समग्र विकास पर निरंतर काम करती है। वहीं संस्थान की निदेशक मधु मारवाह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना की।
दून इंस्टीट्यूट ऑफ शूटिंग एंड स्पोर्ट्स अब सिर्फ उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देशभर में युवा निशानेबाज़ों को संवारने का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहे हैं।




