
देहरादून। टिहरी जनपद के उनियाल गांव निवासी अनुसूइया प्रसाद उनियाल को उत्तराखंड का गौ सांसद प्रभारी नियुक्त किया गया है। मुंबई के बोरीवली स्थित कोरा केंद्र मैदान में आयोजित गौ संसद में उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
उनियाल ने बताया कि प्रदेश की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में 70 गौ विधायक और मतदाता बनाए जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर पर 33 करोड़ गौ मतदाता बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके माध्यम से गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने के अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार छोटे ट्रैक्टरों की बिक्री को प्रोत्साहित करने के लिए सब्सिडी दे रही है, लेकिन पारंपरिक खेती में उपयोग होने वाले बैलों के पालन को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि बहुत छोटे जोत वाले किसान आज भी बैलों पर निर्भर हैं। बैल पालन को प्रोत्साहन मिलने से न केवल किसानों को सहारा मिलेगा, बल्कि गौवंश संरक्षण भी होगा। इस विषय पर गौ संसद में प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजा गया है।