पति ने धारदार हथियार से पत्नी को उतारा मौत के घाट, रिटायर्ड आईएफएस के सर्वेंट क्वार्टर में वारदात

तीन महीने पहले अयोध्या से देहरादून आए थे, विवाद के बाद पति ने कर दी हत्या
देहरादून। डालनवाला क्षेत्र में गुरुवार दोपहर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। कहासुनी के बाद गुस्से में आए पति ने धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण पत्नी की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार होने के बजाय वहीं बैठा रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वह रिटायर्ड आईएफएस अधिकारी के मकान का सर्वेंट क्वार्टर बताया जा रहा है। आरोपी पति-पत्नी इसी सर्वेंट क्वार्टर में रहते थे। महिला सोनू वहां घरेलू काम भी करती थी। दंपति मूल रूप से अयोध्या का रहने वाला है और 3 महीने पहले ही अपने गांव से यहां आया है। दंपति के तीन बच्चे हैं और घटनाक्रम के समय तीनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। मकान के बाहर लगी नेम प्लेट पर सीएल भसीन, रिटायर्ड आईएफएस और उसके नीचे दीपक भसीन का नाम दर्ज है।
विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर मनमुटाव रहता था। गुरुवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और रामजी पाल गुस्से में आ गया। आरोप है कि उसने धारदार हथियार से पत्नी सोनू पर हमला कर दिया।
हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मकान मालिक ने चीख पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी पति रामजी पाल वहीं मौजूद मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
डालनवाला सीओ नितिन लोहानी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस पति-पत्नी के बीच विवाद की वजह, घटना से पहले दोनों के बीच हुई बातचीत और हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



