Breaking Newsअपराध
Trending

प्रसाद के बहाने छात्रा से दुष्कर्म, आईआईटी इंजीनियर बाबा गिरफ्तार

20 लाख का पैकेज छोड़ बना बाबा, छात्रा से दुष्कर्म और 5 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप

धर्म, अध्यात्म और प्रवचनों की आड़ में कथित तौर पर युवतियों को अपने प्रभाव में लेने वाले एक स्वयंभू बाबा की करतूतों ने लोगों को हैरान कर दिया है। प्रतिष्ठित संस्थान से इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद साधु का चोला ओढ़ने वाले आरोपी पर एक छात्रा से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये की रंगदारी मांगने के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस जांच में उसके मोबाइल से कई युवक-युवतियों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी मिलने की बात सामने आई है।

मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र में पुलिस ने खुद को आध्यात्मिक गुरु बताने वाले आदिकर्ता नारायण दास उर्फ अभिषेक मिश्रा (29) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है और उसने से  आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया था। पुलिस के अनुसार पढ़ाई पूरी होने के बाद उसका एक बड़ी कंपनी में लगभग 20 लाख रुपये सालाना पैकेज पर चयन हुआ था, लेकिन बाद में उसने नौकरी छोड़ दी और मथुरा आकर साधु का वेश धारण कर लिया। पढ़ा-लिखा होने के कारण अभिषेक मिश्रा उर्फ अधिकार्ता नारायण दास ऑनलाइन प्रवचन के जरिए विशेष रूप से उन युवतियों को निशाना बनाता था। बड़ी कंपनियों में अच्छे पैकेज पर नौकरी कर रही थीं।  उन्हें अपने जाल में फंसाकर अपने पास बुलाता और नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करता और फिर उनकी तस्वीरें व वीडियो खींच लेता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी इन अश्लील वीडियो और तस्वीरों के बल पर युवतियों से मोटी रकम वसूलता था। युवतियों से ब्लैकमेल कर ऐंठे गए इसी धन से उसने राधाकुंड में एक मकान खरीदा था, जिसमें उसने अपना एक कथित ‘आश्रम’ भी बना रखा था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर धार्मिक प्रवचन देता था। मधुर भाषा और आध्यात्मिक ज्ञान की बातें कर वह लोगों का विश्वास जीतता था।

बहन के पास जन्मदिन मनाने आयी थी पीड़िता

छत्तीसगढ़ निवासी बीएससी नर्सिंग की छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह अपनी बहन के पास जन्मदिन मनाने मथुरा आई थी। मथुरा के राधाकुंड में पीड़िता की IOCL में इंटर्नशिप कर रही बहन आरोपी के मकान में किराए पर रहती थी। आरोप है कि 17 मई की रात आरोपी प्रसाद बताकर दूध लेकर आया। छात्रा ने दूध से एलर्जी होने की बात कही, लेकिन आरोपी ने धार्मिक भावनाओं का हवाला देकर उसे दूध पीने के लिए मजबूर कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि दूध पीने के बाद वह बेहोश हो गई और इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया तथा आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बना लीं।

पीड़िता के अनुसार जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। भयभीत छात्रा वापस छत्तीसगढ़ लौट गई, लेकिन आरोपी लगातार अलग-अलग नंबरों से संपर्क कर उसे ब्लैकमेल करता रहा। आरोप है कि उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग भी की। लगातार मानसिक दबाव के कारण छात्रा तनाव में रहने लगी। बाद में उसने पूरी घटना अपने पिता को बताई, जिसके बाद परिवार पुलिस के पास पहुंचा।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गोवर्धन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और जांच शुरू हुई। सोमवार शाम पुलिस ने राधाकुंड स्थित आरोपी के मकान पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को कई इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मिले हैं। मोबाइल फोन की जांच में एक दर्जन से अधिक युवक-युवतियों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिलने की बात भी सामने आई है।

मकान से दो युवतियां और एक युवक को निकाला सुरक्षित 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो युवतियों और एक युवक को भी सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इन लोगों को भी अपने प्रभाव में ले रखा था। तीनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी हमेशा सफेद कुर्ता पहनता था और माथे पर बड़ा चंदन लगाकर साधु की छवि बनाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह अपने प्रभाव में आए युवक-युवतियों के बीच कथित तौर पर गंधर्व विवाह कराने जैसी गतिविधियां भी करता था। फिलहाल पुलिस उसके बैंक खातों, आर्थिक लेन-देन, सोशल मीडिया नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है। मामले की विवेचना जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button