गहरी खाई में गिरी कार, पांच लोगों की मौत
नैनीताल के भवाली-रातीघाट मार्ग पर हुआ भीषण हादसा

भवाली क्षेत्र के सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास मार्ग पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। ढैला गांव के पास अनियंत्रित होकर एक कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चे की मौके पर ही जान चली गई।
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर UP 32 QU 1874 है, जो भवाली से रातीघाट की ओर जा रही थी। शुरुआती जानकारी में वाहन चालक के नियंत्रण खोने की बात सामने आ रही है, जिसके बाद कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
घटना स्थल घने जंगल और दुर्गम इलाके में होने के कारण हादसे की जानकारी देर से मिल सकी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और एसएसबी की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भी हो गई है। मृतकों में खटीमा निवासी 48 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चुफाल, उनकी पत्नी 45 वर्षीय सीमा कैड़ा चुफाल, 19 वर्षीय पुत्र वासु चुफाल और 12 वर्षीय पुत्री रवी चुफाल शामिल हैं। वहीं कार चला रहे 34 वर्षीय चालक अनुज कुमार मिश्रा निवासी अफसर नगर, एलपीजी गोदाम, आलमनगर लखनऊ की भी हादसे में मौत हो गई। पुलिस प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।




