दून में दिनदहाड़े एक और मर्डर से दहशत, सिर पर मारी गोली
14 दिन में चौथी हत्या, कानून व्यवस्था कटघरे में

सिल्वर सिटी, राजपुर रोड के पास युवक की हत्या
देहरादून। राजधानी दून में अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स के पास उस समय सनसनी फैल गई जब जिम से घर लौट रहे एक युवक के सिर पर गोली मार दी गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सहस्त्रधारा निवासी विक्रम शर्मा के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विक्रम शर्मा जिम से बाहर निकलकर अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने बेहद नजदीक से उनके सिर पर गोली दाग दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और कुछ ही पलों में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर रोड क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। मौके पर आईजी गढ़वाल और एसएसपी देहरादून समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है।
तीन दिन पहले भी दिनदहाड़े हत्या
गौरतलब है कि 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस वारदात ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। सरेआम हुई हत्या के बाद शहर में भय का माहौल बन गया था।
लगातार हो रही घटनाओं से देहरादून जिले में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। महज 14 दिनों के भीतर यह चौथी हत्या है। बेखौफ बदमाशों द्वारा खुलेआम वारदात को अंजाम देना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजधानी में इस तरह की घटनाएं आम होती जा रही हैं, जिससे आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


