बिग ब्रेकिंग : तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या
मरने वाला जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी संचालक , स्कूटी सवार बदमाशों ने मारी गोली

वारदात के समय परेड ग्राउंड में लॉन टेनिस खेलने के बाद वापस लौट रहे थे अर्जुन शर्मा
देहरादून। देहरादून की व्यस्त तिब्बती मार्केट में उस समय सनसनी फैल गई, जब दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगते ही युवक की मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना कोतवाली डालनवाला क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी स्कूटी पर सवार होकर बाजार में पहुंचे थे। उन्होंने युवक पर गोली चलाई और वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले हमलावर भाग चुके थे।

मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (42 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के संचालक थे।
अर्जुन शर्मा, कर्नल आर.सी. शर्मा के बेटे थे और आईटीबीपी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा परेड ग्राउंड में लॉन टेनिस खेलने आए थे। खेल समाप्त करने के बाद जब वह वापस लौट रहे थे, उसी दौरान स्कूटी सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी।
गोली सीधे सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक अर्जुन शर्मा की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। बाजार को सुरक्षा के लिहाज से नियंत्रित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी हुई है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शहर के सभी प्रमुख चेक पोस्टों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



