सनसनी: कमरे में मिले मां-बाप और दो बच्चों समेत पांच शव, माथे पर गोली के निशान

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नकुड़ क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। एक कमरे से संग्रह अमीन अशोक राठी, उनकी पत्नी अंजिता, मां विद्यावती और दो बेटे कार्तिक व देव के शव बरामद किए गए। सभी के माथे पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं। मौके से तीन तमंचे भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, अशोक और उनकी पत्नी के शव कमरे के फर्श पर पड़े मिले, जबकि मां और दोनों बच्चे बेड पर पाए गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि अशोक ने पहले अपनी मां, पत्नी और दोनों बेटों को गोली मारी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। हालांकि, पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
वारदात सरसावा के कौशिक विहार कालोनी में हुई है। नकुड़ तहसील में तैनात अशोक राठी ऑक्साल से सरसावा में रह रहे थे। पुलिस जांच में आता चला है कि राठी ने वारदात से पहले अपनी बहन मोना और पिंकेश को व्हाट्सएप पर मैसेज संदेश भेजे थे जिसमें कहा गया था कि वो मर गया तो परिवार को कौन संभालेगा। अधिकारियों का कहना है कि परिवार पर किसी प्रकार का कर्ज, नौकरी से जुड़ा तनाव, घरेलू विवाद या मानसिक दबाव तो नहीं था, इस दिशा में भी जांच की जा रही है। साथ ही यह संभावना भी खंगाली जा रही है कि किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ हो और गुस्से में फायरिंग की गई हो, या फिर किसी बाहरी व्यक्ति ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया हो।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घर को सील कर दिया है और सभी मोबाइल फोन कब्जे में लेकर डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
मृतक अशोक नकुड़ तहसील में अमीन के पद पर कार्यरत थे और उन्हें अपने पिता की मृत्यु के बाद मृतक आश्रित कोटे में नौकरी मिली थी। उनका बेटा देव कस्बे के एक निजी स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था, जबकि कार्तिक नकुड़ के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। जांच में यह भी सामने आया है कि राठी और उसकी मां गांव खारी बस के मकान में रहना चाहते थे जबकि पत्नी और बच्चे सरसावा में बनाए गए नए मकान में शिफ्ट होना चाहते थे, इस बात पर विवाद था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



