Breaking Newsउत्तराखंडव्यापार
Trending

शिफ्ट होगी निरंजनपुर सब्जी मंडी, मुख्य सचिव ने दिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश

आढ़त बाजार के पुनर्निर्माण कार्य का शासनादेश 20 जनवरी तक जारी करने के निर्देश

6 प्रमुख जंक्शनों के सुधार और नई पार्किंग व्यवस्था को लेकर तय हुई सख्त समय-सीमा

देहरादून। राजधानी देहरादून के यातायात संकुलन को कम करने की दिशा में एक बड़ा फैसला लेते हुए निरंजनपुर सब्जी मंडी को शहर से बाहर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में एमडीडीए को मंडी के लिए नई उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि निरंजनपुर मंडी के कारण प्रतिदिन शहर के प्रवेश मार्गों पर भारी जाम की स्थिति बनती है। मंडी शिफ्ट होने से आईएसबीटी, हरिद्वार रोड और रिस्पना क्षेत्र में यातायात दबाव में उल्लेखनीय कमी आएगी।

बैठक में आढ़त बाजार के पुनर्निर्माण कार्य को भी शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि 20 जनवरी तक इसका शासनादेश जारी किया जाए। वहीं लोक निर्माण विभाग को शहर के छह प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों के सुधार के लिए 15 जनवरी तक जीओ जारी करने के निर्देश दिए गए।मुख्य सचिव ने राजधानी में बनी पार्किंग का पूरा उपयोग न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि मौजूदा पार्किंग का 100 प्रतिशत इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा लागू ऑन रोड पार्किंग सिस्टम को अन्य प्रमुख सड़कों पर भी लागू करने की बात कही, ताकि लोग सड़कों के बजाय पार्किंग स्थलों का उपयोग करें।

परिवहन विभाग को दिसंबर में एसपीवी (SPV) का पंजीकरण और जनवरी में पहली बोर्ड बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आशारोड़ी में सीज वाहनों के लिए तैयार की जा रही पार्किंग को जल्द चालू करने पर ज़ोर दिया गया।

मुख्य सचिव ने UMTA द्वारा चिन्हित नए पार्किंग स्थलों की ग्राउंड ट्रुथिंग कराने और उपयुक्त पाए जाने पर उनके विकास के निर्देश दिए। इसके अलावा परेड ग्राउंड में अंडरग्राउंड पार्किंग की व्यवहारिकता जांच शीघ्र कराने को भी कहा गया।

बैठक में शहर के खंभों पर लटके अवैध और बिना अनुमति वाले तारों को हटाने तथा जहां अंडरग्राउंड बिजली केबलिंग पूरी हो चुकी है, वहां सड़कों को तुरंत दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर सचिव अहमद इकबाल, विनीत कुमार, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, एसएसपी देहरादून अजय सिंह समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button