देशविविध
Trending

इंस्टाग्राम पर परवान चढ़ा प्यार और शादी तय, हल्दी मेहंदी लगी बारात निकली और फिर …..

फोन पर ही तय हुआ सब कुछ

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती ने कुछ ही दिनों में एक युवक के जीवन को खुशियों से भर दिया था। चैट से शुरू हुई बात जब मोहब्बत तक पहुँची तो दोनों ने शादी का फैसला कर लिया। फोन पर ही शादी की तिथि तय हुई, घर आँगन में रौनक छा गई और रस्मों का सिलसिला शुरू हो गया। हल्दी-तेल चढ़ा, सेहरा सजा, रिश्तेदार जुटे और बैंड-बाजों के साथ दूल्हा घोड़ी पर चढ़ निकला। लेकिन किस्मत ने ऐसा मोड़ लिया कि खुशियों का कारवां रास्ते में ही थम गया।

युवक पूरी शान के साथ बारात लेकर निकल चुका था। रास्ते में उसने अपनी होने वाली दुल्हन को फोन लगाया, ताकि आगमन की सूचना दे सके, लेकिन कॉल कट गई। कुछ देर बाद जब उसने दोबारा कोशिश की, तो फोन स्विच ऑफ मिला। शुरू में दूल्हे और परिजनों ने इसे सामान्य समझा, लेकिन समय बीतता गया और घंटों तक किसी भी कॉल का जवाब नहीं आया। दूल्हे ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। धीरे-धीरे सबको अंदेशा होने लगा कि कुछ गड़बड़ हो चुकी है।

जब बार-बार कोशिशों के बाद भी कोई जवाब नहीं आया तो दूल्हे को मजबूर होकर बीच रास्ते से ही बारात वापस मोड़नी पड़ी। रास्ते भर दूल्हा सदमे में रहा और रिश्तेदार हैरान कि आखिर अंतिम समय में ऐसा क्या बदल गया कि शादी ही टूट गई। पूरा मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

बात यहीं खत्म नहीं हुई—जानकारी के मुताबिक दहेज में कार देने की बात भी सामने आई थी। युवती के ओर से कार देने के आश्वासन के बाद दूल्हा कुछ दिन पहले सहारनपुर के एक शोरूम पर जाकर ब्रेज़ा कार भी पसंद करके आया था। लेकिन शादी की दहलीज़ पर पहुँचकर दुल्हन का अचानक गायब हो जाना और फोन बंद कर लेना युवक का दिल तोड़ गया।

इंस्टाग्राम पर शुरू हुई मोहब्बत, जो कुछ ही दिनों में शादी तक पहुँच गई थी, अंतिम क्षण में ऐसी उलझन पैदा कर गई कि एक सजी-धजी बारात को लौटना पड़ा और दूल्हा सदमे में है। परिजन भी इस घटना से स्तब्ध हैं और वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button