अंबानी का दान, लेकिन विवाद गहराया
उद्योगपति अंबानी ने बीकेटीसी को दिया 10 करोड़ का दान

केदार सभा ने उठाई अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को हटाने की मांग, आंदोलन की दी चेतावनी
रुद्रप्रयाग। उद्योगपति मुकेश अंबानी द्वारा शुक्रवार को बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को 10 करोड़ रुपये का चेक सौंपने के ठीक बाद केदारनाथ के तीर्थ पुरोहितों की संस्था केदार सभा ने समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को पद से हटाने की मांग उठा दी है।
केदार सभा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि अध्यक्ष द्विवेदी स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों की उपेक्षा कर रहे हैं। सभा का कहना है कि उनके रवैये से धाम की पारंपरिक व्यवस्थाएं और धार्मिक परंपराएं प्रभावित हो रही हैं।
कपाट बंद होने से पहले कार्रवाई की चेतावनी
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि यदि चारधाम के कपाट बंद होने से पहले अध्यक्ष द्विवेदी को पद से नहीं हटाया गया, तो तीर्थ पुरोहित आंदोलन करने को बाध्य होंगे। पत्र पर केदार सभा के दर्जनभर से अधिक सदस्यों के हस्ताक्षर हैं।
व्यक्तिगत मतभेद या गहराता विवाद?
वहीं, बीकेटीसी से जुड़े कुछ पदाधिकारियों का कहना है कि यह पूरा विवाद व्यक्तिगत मतभेदों से प्रेरित है। अब सबकी निगाहें सरकार के रुख पर हैं, क्योंकि यह मामला तीर्थ परंपराओं और धार्मिक व्यवस्थाओं से सीधा जुड़ा हुआ है।
हेली सेवा विवाद फिर चर्चा में
गौरतलब है कि बरसात के दौरान बद्री-केदार धाम में हेली सेवा पर प्रतिबंध के बावजूद अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सावन के सोमवार को हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचे थे। उस समय इस घटना पर काफी बवाल हुआ था और हेलीकॉप्टर सेवा को लेकर जांच भी बिठाई गई थी।




