उत्तराखंड
Trending

गंगा में बहे मां-बेटा, बेटा बचा पर मां लापता

ग्वालियर से आए थे ऋषिकेश घूमने, SDRF की टीमें चला रही हैं सर्च ऑपरेशन

ऋषिकेश : योगनगरी ऋषिकेश में एक बार फिर गंगा नदी ने रौद्र रूप दिखाया। रविवार को नाव घाट पर ग्वालियर से आए एक परिवार के मां-बेटा गंगा के तेज बहाव में बह गए। गनीमत रही कि 26 वर्षीय बेटा किसी तरह पत्थरों का सहारा लेकर जानकी सेतु के पास रुक गया और सुरक्षित बाहर आ गया, लेकिन उसकी मां अब भी लापता है, जिनकी तलाश में SDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

घटना की सूचना मिलते ही थाना लक्ष्मणझूला के माध्यम से SDRF ढालवाला टीम को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। युवक यश श्रीधर (निवासी गोविंदपुरी सिटी सेंटर, ग्वालियर) बहते हुए जानकी सेतु के पास पत्थरों में फंस गया, जहाँ से वह सुरक्षित बाहर निकल आया।

मां का अब तक नहीं चला सुराग

बताया गया कि यश की माता, बीना श्रीधर (उम्र लगभग 50 वर्ष) तेज बहाव में आगे बह गईं। उनका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। SDRF द्वारा पशुलोक बैराज से लेकर भीमगोड़ा बैराज तक गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

प्रशासन ने जारी की सावधानी बरतने की अपील

इस घटना के बाद प्रशासन ने गंगा तटों पर आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

वहीं, लापता महिला के परिजन गहरे सदमे में हैं और SDRF की टीमों को उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं। नदी की धार तेज होने के कारण रेस्क्यू कार्य में कठिनाई आ रही है, लेकिन राहत-बचाव दल लगातार प्रयास कर रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button