उत्तराखंड
Trending

नौगांव में महिलाओं ने लगाया जाम

बादल फटने से हुए नुकसान पर मुआवजे की मांग

विनोद रावत, नौगांव। बादल फटने से हुए नुकसान को लेकर नौगांव गांव की महिलाओं ने शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। महिलाओं का कहना था कि जब तक सरकार नुकसान का मुआवजा नहीं देती, तब तक सड़क नहीं खोली जाएगी। महिलाओं के सड़क पर डटे रहने से मार्ग पर घंटों अफरा-तफरी बनी रही और राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया।

दरअसल, शनिवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश के बाद देवसारी खड्ड उफान पर आ गई। खड्ड में आए भारी मलबे और पानी ने कई घरों और दुकानों में घुसकर भारी नुकसान पहुंचाया। स्थानीय निवासियों फुलक चंद्र रमोला, जबर सिंह, लोकेश बडोनी, शरत सिंह सहित कई लोगों के मकानों में मलबा भर गया। वहीं नौगांव बाजार के देहरादून मार्ग पर स्थित कई दुकानों में भी मलबा घुसने से नुकसान हुआ। खड्ड के उफान के कारण उपजाऊ खेती भी बर्बाद हो गई। हालांकि, राहत की बात रही कि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राकृतिक आपदा से परेशान ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने सरकार से त्वरित मुआवजे की मांग की। उनका कहना था कि जब तक प्रशासन नुकसान का आकलन कर मुआवजे की घोषणा नहीं करता, वे सड़क नहीं खोलेंगी। महिलाओं की इस जिद से राष्ट्रीय राजमार्ग घंटों ठप रहा और यातायात बाधित रहा।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद महिलाओं ने जाम हटाया और मार्ग को यातायात के लिए खोला गया।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मुआवजे की व्यवस्था नहीं की गई तो वे पुनः आंदोलन को मजबूर होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button