अफगानिस्तान में भीषण भूकंप: 800 से अधिक की मौत, हजारों घायल
क़ुणार और नंगरहार प्रांत में सबसे ज्यादा तबाही, गांवों के गांव मलबे में तब्दील

काबुल/जलालाबाद, 01 सितम्बर : अफगानिस्तान में रविवार देर रात आए शक्तिशाली भूकंप ने भीषण तबाही मचाई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.0 दर्ज की गई। इसका केंद्र जलालाबाद शहर से 27 किलोमीटर पूर्व और जमीन से मात्र 8 किलोमीटर गहराई में था। स्थानीय समयानुसार यह झटका रविवार रात 11:47 बजे महसूस किया गया।
भूकंप के बाद लगातार 13 आफ्टरशॉक्स आए, जिनमें दो की तीव्रता 5.2 और एक की 4.5 रही। इन झटकों ने पहले से जर्जर मकानों को धराशायी कर दिया।
मौत और तबाही का आलम
तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि अब तक 800 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 2,500 से ज्यादा लोग घायल हैं। केवल क़ुणार प्रांत में ही 600 से ज्यादा मौतें दर्ज की गई हैं, जबकि नंगरहार प्रांत में कम से कम 12 लोगों की मौत और 250 से अधिक घायल हुए हैं। गांवों के गांव मलबे में तब्दील हो गए हैं। पहाड़ी इलाकों में कई घर ध्वस्त हो गए, जिसके कारण बचाव दलों को मृतकों और घायलों तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। कई सड़कों पर भूस्खलन से रास्ते बंद हो गए हैं, जिससे राहत अभियान धीमा पड़ा है।
बचाव और राहत कार्य
तालिबान प्रशासन ने सेना और स्थानीय बचाव दलों को राहत अभियान में लगाया है। हेलीकॉप्टरों की मदद से गंभीर रूप से घायल लोगों को जलालाबाद एयरपोर्ट और आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय सहायता की भी अपील की गई है।
भूकंपीय पृष्ठभूमि
अफगानिस्तान का यह इलाका हिन्दू कुश पर्वतीय क्षेत्र में आता है, जहां भारतीय और यूरेशियाई टेक्टॉनिक प्लेट्स के टकराव के कारण अक्सर भूकंप आते रहते हैं। इससे पहले जून 2022 और अक्टूबर 2023 में भी इसी क्षेत्र में भूकंप से भारी तबाही हुई थी।