Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

दिनदहाड़े प्रधानाचार्य की चाकू से गोदकर हत्या, वारदात से मचा हड़कंप

बागेश्वर में राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य पर स्कूल जाते समय रास्ते में ताबड़तोड़ हमला

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55 वर्ष) की स्कूल जाते समय चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि शिक्षक समुदाय और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विद्यालय में कार्यरत एक बाबू पहले से ही रास्ते में चाकू लेकर प्रधानाचार्य का इंतजार कर रहा था। जैसे ही दयानंद टम्टा वहां पहुंचे, आरोपी ने उन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को परिजन और स्थानीय लोग तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में शिक्षकों, परिचितों, स्थानीय नागरिकों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिक्षक संगठनों ने इस जघन्य हत्या की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उधर, सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम सबूत एकत्र किए हैं। हालांकि, अब तक हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। आरोपी से पूछताछ सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button