Breaking Newsउत्तराखंडपर्यावरण
Trending

पहले बनेगी सहमति, फिर आगे बढ़ेगी फोर/सिक्स लेन परियोजना

सरकार ने पेड़ों की कटाई पर लगाई रोक, सभी पक्षों से संवाद के बाद होगा अगला फैसला

देहरादून-ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना पर सरकार का बड़ा फैसला, फिलहाल नहीं कटेंगे पेड़

देहरादून। देहरादून-ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन सड़क परियोजना को लेकर उठ रहे विरोध और पर्यावरण संबंधी चिंताओं के बीच राज्य सरकार ने फिलहाल परियोजना क्षेत्र में पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। सरकार का कहना है कि जब तक स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और पर्यावरण विशेषज्ञों के साथ व्यापक स्तर पर चर्चा कर सहमति नहीं बन जाती, तब तक इस संबंध में कोई आगे की कार्रवाई नहीं की जाएगी।

सरकार के अनुसार यह परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में शामिल है और इसका क्रियान्वयन न्यायालय के निर्देशों तथा सभी आवश्यक वैधानिक और पर्यावरणीय मंजूरियों के अनुरूप किया जा रहा है। परियोजना के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हाथियों के लिए विशेष अंडरपास और छोटे वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था भी प्रस्तावित की गई है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम किया जा सके।

सरकार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे दोबारा सभी हितधारकों के साथ संवाद की प्रक्रिया शुरू करें। इसमें स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरणविदों और अन्य संबंधित पक्षों से सुझाव लेकर उनका गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा।

सरकार ने स्पष्ट किया कि परियोजना से जुड़ा प्रत्येक निर्णय उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही लिया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि जब तक सभी पक्षों के बीच संतोषजनक सहमति नहीं बन जाती, तब तक पेड़ों की कटाई का कार्य स्थगित रहेगा।

राज्य सरकार ने दोहराया कि प्रदेश में विकास कार्यों को गति देना जितना जरूरी है, उतना ही महत्वपूर्ण पर्यावरण संरक्षण और जनता की भावनाओं का सम्मान भी है। इसी सोच के साथ सरकार संवाद और सहमति के आधार पर आगे की रणनीति तय करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button