
लायंस क्लब देवभूमि का 436वां सफल प्रयास
प्रेमनगर | समाज में नेत्रदान को लेकर जागरूकता लगातार बढ़ रही है, हालांकि अपने प्रियजन को खोने के गहरे दुख के बीच कई बार परिवार चाहकर भी नेत्रदान का निर्णय नहीं ले पाता। लेकिन सही समय पर किसी द्वारा दिया गया संवेदनशील सुझाव, इस पुनीत कार्य को संभव बना देता है।
प्रेमनगर निवासी 83 वर्षीय फूलारानी खन्ना के निधन की सूचना मिलने पर नेत्रदान कार्यकर्ता एवं प्रेमनगर उत्तरांचल पंजाबी महासभा के अध्यक्ष अमित भाटिया (मोनू) ने उनके पुत्र प्रवीण खन्ना से नेत्रदान का आग्रह किया। परिवार की सहमति मिलने के बाद उन्होंने लायंस क्लब ऋषिकेश देवभूमि के चार्टर अध्यक्ष गोपाल नारंग को इसकी जानकारी दी।
गोपाल नारंग के अनुरोध पर हिमालयन हॉस्पिटल की नेत्रदान रेस्क्यू टीम से डॉ. भाविक एवं डॉ. अनुरिमा ने निवास पर पहुंचकर दोनों कॉर्निया सुरक्षित रूप से प्राप्त किए। आवश्यक चिकित्सकीय जांच के बाद इन कॉर्निया को दो नेत्रहीन व्यक्तियों की आंखों में प्रत्यारोपित किया जाएगा, जिससे उन्हें नया जीवन और दृष्टि मिल सकेगी।
इस पुण्य कार्य के लिए अर्जुन कोहली, लायंस क्लब प्रेमनगर के अध्यक्ष संजय भाटिया, मोहित ग्रोवर, रविंद्र कुमार, सुभाष नागपाल, भूपेंद्र बिंद्रा एवं अमित लखानी ने शोकाकुल परिवार को साधुवाद देते हुए उनके निर्णय की सराहना की।
लायंस क्लब देवभूमि के जनसंपर्क अधिकारी मनमोहन भोला ने बताया कि यह नेत्रदान मिशन का 436वां सफल प्रयास है और यह सेवा अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।




