Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

प्रेमनगर में व्यापारी को गोली मार लूटा, पीछा करने पर मुठभेड़ में बदमाश ढेर

काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर की लूटपाट, जवाबी कार्रवाई में इंस्पेक्टर समेत दो घायल

देहरादून के प्रेमनगर इलाके में लूट की वारदात ने अचानक खूनी मुठभेड़ का रूप ले लिया। बदमाशों ने एक व्यापारी को गोली मारकर लूट लिया और फरार हो गए, लेकिन पीछा करती पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मारा गया, जबकि इंस्पेक्टर समेत दो लोग घायल हो गए।

प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुई सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। कार सवार बदमाशों ने एक व्यापारी को निशाना बनाते हुए उससे नकदी और सामान लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को अस्पताल भिजवाया। पीड़ित ने बताया कि बदमाश काले रंग की गुजरात राज्य नंबर की कार में सवार थे और करीब दो लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन व जरूरी दस्तावेज लूटकर भाग निकले।

इसके बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर संदिग्ध कार जंगल की ओर जाती दिखाई दी। पुलिस द्वारा घेराबंदी की कोशिश के दौरान बदमाशों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस को भी कार्रवाई करनी पड़ी।

मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी प्रेमनगर निरीक्षक नरेश राठौर को गोली लग गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हुआ, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए।

घायल बदमाश, व्यापारी और निरीक्षक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान बदमाश की मौत हो गई। घायल निरीक्षक और पीड़ित का इलाज जारी है।

घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे। फरार बदमाशों की तलाश में जिलेभर में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है।

पुलिस ने कहा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button