देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: पांच गाड़ियां टकराईं, सुरक्षा पर उठे सवाल

प्रधानमंत्री के संभावित दौरे से पहले सख्त सुरक्षा के बीच हादसा, तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक बनी वजह
देहरादून : देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक भीषण सड़क हादसे में एक के बाद एक पांच गाड़ियां आपस में टकरा गईं। यह दुर्घटना सहारनपुर जनपद के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र की मोहंड पुलिस चौकी के अंतर्गत डाट काली मंदिर के पास हुई, जहां प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण अचानक ब्रेक लगने से पीछे आ रहे वाहन आपस में भिड़ते चले गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर जाम लग गया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिहारीगढ़ पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्काल ट्रैफिक को नियंत्रित कर यातायात को सुचारु रूप से चालू कराने के प्रयास किए, जिसके बाद कुछ समय में स्थिति सामान्य हो सकी।
पुलिस के मुताबिक, हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाना रहा। इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पहले से अलर्ट पर मौजूद सुरक्षा एजेंसियों के बीच हुए इस हादसे ने यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




