
डाट काली मंदिर में पीएम मोदी की पूजा को लेकर हाई अलर्ट, आम श्रद्धालुओं के लिए 36 घंटे तक बंद रहेंगे दर्शन
14 अप्रैल को 5-10 मिनट की विशेष पूजा करेंगे प्रधानमंत्री, दोपहर 2 बजे के बाद ही खुलेंगे कपाट
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर शहर की सीमा पर स्थित मां डाट काली मंदिर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। मंदिर परिसर में हुई बैठक के बाद यह स्पष्ट किया गया है कि आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के द्वार अस्थायी रूप से बंद रहेंगे।
मंदिर समिति और प्रशासन के बीच हुई चर्चा में निर्णय लिया गया कि 12 अप्रैल की शाम से ही श्रद्धालुओं की एंट्री पर रोक लगा दी जाएगी, जो 14 अप्रैल को दोपहर 2 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान पूरे परिसर को सुरक्षा एजेंसियों के हवाले रखा जाएगा और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे के दौरान मां डाट काली के दरबार में पहुंचकर संक्षिप्त पूजा-अर्चना करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार उनका मंदिर में प्रवास लगभग 5 से 10 मिनट का होगा। इसके तुरंत बाद वे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मंदिर प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए यह निर्णय पूरी तरह सुरक्षा के मद्देनज़र लिया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय का पालन करें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों में सहयोग करें।
बैठक में मंदिर से जुड़े कई आचार्य और समिति सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए जिम्मेदारियां भी तय कीं।




