Breaking Newsअपराधउत्तराखंड
Trending

मंदिर के सेवादार की बेरहमी से हत्या, पत्थर से सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट

बालाजी मंदिर में चार माह से सेवा कर रहा था बुजुर्ग, सुबह खून से लथपथ मिला शव

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

लक्सर क्षेत्र के भोगपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बालाजी मंदिर में सेवा कर रहे एक बुजुर्ग सेवादार की अज्ञात हमलावरों ने सोते समय हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 65 वर्षीय राजवीर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के पुरकाजी थाना क्षेत्र के गोधना गांव का रहने वाला था। वह पिछले करीब चार महीनों से भोगपुर स्थित बालाजी मंदिर में रहकर सेवा कर रहा था।

रविवार सुबह जब मंदिर के स्वामी संजय सैनी मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने सेवादार को खून से लथपथ हालत में मृत पड़ा देखा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने रात के समय सोते हुए राजवीर के सिर पर पत्थर से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, वहीं फोरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम सुराग एकत्र किए हैं।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया है। इस मामले में मंदिर स्वामी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी के अनुसार, आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button