Breaking Newsअपराधदेश
Trending

‘भूत’ बनकर लौटा दोस्त …बोल, अंतिम संस्कार कर दो’

 मोबाइल टूटने के विवाद में डंडे से पीटकर की थी हत्या, पत्नी संग घर में दफनाया शव

‘ डर और अपराधबोध में एक हफ्ते बाद थाने पहुंचा

एक युवक को हर रात अपने ही दोस्त का “भूत” दिखाई देने लगा—जो उससे अपनी हत्या का सच और अंतिम संस्कार की गुहार करता था। डर, बेचैनी और अपराधबोध ने आखिर उसे इस कदर तोड़ दिया कि वह खुद थाने पहुंच गया… और फिर सामने आई एक ऐसी वारदात, जिसने सबको सन्न कर दिया।

मामला अंबिकापुर के भगवानपुर इलाके, गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। सीएसपी राहुल बंसल के मुताबिक 24-25 मार्च की रात बृजलाल अगरिया (35) शराब के नशे में मिथलेश कुजूर (37) के घर पहुंचा और उसे शराब पीने के लिए कहा। नवरात्रि के कारण मिथलेश ने मना कर दिया, जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान झूमाझटकी में मिथलेश का मोबाइल गिरकर टूट गया। मोबाइल टूटने से गुस्साए मिथलेश ने डंडे से बृजलाल के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद मिथलेश ने अपनी पत्नी राजकुमारी (36) के साथ मिलकर शव को घर में पहले से खोदे गए गड्ढे में दफना दिया। ऊपर प्लाईबोर्ड रखकर मिट्टी डाल दी, ताकि किसी को शक न हो। करीब एक सप्ताह तक घटना छिपाने के बाद आरोपी मंगलवार रात खुद थाने पहुंचा और पूरी वारदात बता दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बुधवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट, तहसीलदार और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खुदाई कराई गई, जिसमें गड्ढे से बृजलाल का शव बरामद हुआ। शव करीब एक सप्ताह से दफन होने के कारण सड़ने लगा था। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद उसे अपने दोस्त का भूत दिखाई देता था, जो उससे अंतिम संस्कार करने की बात कहता था। इसी डर के कारण वह थाने पहुंचा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button