
देहरादून। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रेमनगर स्थित सिद्धपीठ श्री सनातन धर्म सभा मंदिर (ट्रस्ट) में भव्य शिव बारात का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 14 फरवरी 2026 को शाम 5 बजे से मंदिर प्रांगण से आरम्भ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति के अनुसार शिव बारात में भगवान शिव और माता पार्वती की आकर्षक झांकियां, भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक धार्मिक माहौल देखने को मिलेगा। शिव भक्तों के लिए विशेष सजावट और पूजा-अर्चना की भी तैयारियां की जा रही हैं, जिससे पूरा क्षेत्र शिवमय वातावरण में रंग जाएगा।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। महाशिवरात्रि के अवसर पर होने वाले इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।




