
देहरादून/ऊधमसिंह नगर। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत उत्तराखंड एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की कुमायूँ यूनिट ने थाना किच्छा पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में दो अंतरराज्यीय नशा तस्करों को यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर से 3.008 किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 36 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ, नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत की गई। डीएसपी एसटीएफ आर.बी. चमोला के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने बुधवार को यह कार्रवाई की। गिरफ्तार तस्करों की पहचान सलीम (45) पुत्र रहमत अली और शेर मोहम्मद (35) पुत्र रफीक अहमद, दोनों निवासी ग्राम बहीपुरा थाना बहेड़ी, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
एसएसपी भुल्लर ने बताया कि दोनों आरोपी लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर नशे की तस्करी में लिप्त हैं। सलीम के खिलाफ बरेली जिले में डकैती, गैंगस्टर एक्ट और अन्य IPC धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2015 में उस पर 40 लाख रुपये की डकैती का मामला भी दर्ज हुआ था। पूछताछ में उसने बताया कि अपने मुकदमों के खर्च के लिए वह नशे का कारोबार करता है।
एसटीएफ की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अफीम की यह खेप किच्छा, रुद्रपुर और सितारगंज क्षेत्रों में सप्लाई करने जा रहे थे। टीम ने सूचना पर जाल बिछाकर दोनों को गिरफ्तार किया। एसटीएफ के अनुसार, ये तस्कर उत्तर प्रदेश से अफीम लाकर उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पूछताछ में अन्य कई ड्रग पैडलरों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
एसएसपी ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी संगठित अपराधियों के लिए राजस्व का बड़ा स्रोत बन चुकी है, जिससे हथियारों की तस्करी, मानव तस्करी और आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। इसलिए नशे के छोटे कारोबारियों के बजाय बड़े नेटवर्क को तोड़ने पर फोकस किया जा रहा है।
बरामदगी
अफीम: 3.008 किलोग्राम
मोटरसाइकिल नंबर: UK06BE6875
गिरफ्तार अभियुक्त
1. सलीम पुत्र रहमत अली, निवासी ग्राम बहीपुरा, थाना बहेड़ी, जनपद बरेली (उ.प्र.)
2. शेर मोहम्मद पुत्र रफीक अहमद, निवासी ग्राम बहीपुरा, थाना बहेड़ी, जनपद बरेली (उ.प्र.)




