अपराधउत्तराखंड

काठगोदाम में मध्यप्रदेश के दो सगे भाई संदिग्ध हालात में बेहोश, एक की मौत 

माता-पिता की मौत के बाद थे सदमे में, 23 अक्तूबर से नहीं की थी किसी से बात

हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में मध्यप्रदेश के रीवा निवासी दो सगे भाई संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश पाए गए। दोनों के पास से सल्फास की गोलियों का रेपर बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां बड़ा भाई शिवेश (21) ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि छोटा भाई बृजेश (20) की हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार काठगोदाम के भदयूनी मार्ग स्थित जंगल में शीतलाघाट फिल्टर प्लांट के ऑपरेटर ने दो युवकों को बेसुध अवस्था में पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी दिलीप कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल भिजवाया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों भाई रीवा (मध्यप्रदेश) के रहने वाले हैं और हाल ही में अपने माता-पिता की मृत्यु के कारण मानसिक तनाव में थे। दोनों अपनी दादी के साथ रहते थे। पुलिस को संदेह है कि सदमे में आकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया। शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है, पोस्टमार्टम परिजनों के पहुंचने के बाद किया जाएगा।

काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि मौके से मिले बैग में आधार कार्ड, पैन कार्ड और दोनों के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिन्हें फॉर्मेट किया गया था। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) से पता चला कि दोनों ने 23 अक्तूबर से किसी से भी संपर्क नहीं किया था। पुलिस को उनके रीवा स्थित परिचितों से संपर्क स्थापित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

एएसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने बताया कि मौके से सल्फास का रेपर बरामद हुआ है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की पुष्टि परिजनों से पूछताछ के बाद ही हो सकेगी। दोनों भाइयों के मामा और अन्य रिश्तेदार हल्द्वानी पहुंचने वाले हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button