
सोशल मीडिया पर लाइक–व्यूज की चाहत में की गई हरकत से खुला हथियारों का जखीरा
देहरादून। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बटोरने की सनक तीन युवकों को सलाखों तक ले आई। इंस्टाग्राम पर अवैध तमंचे से फायरिंग का वीडियो डालने पर रायवाला पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर दो देसी तमंचे बरामद किए हैं।
पुलिस को तब मामले का सुराग मिला जब फायरिंग करते युवकों के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे। एसएसपी अजय सिंह ने तुरंत जांच के निर्देश दिए। रायवाला पुलिस ने छिद्दरवाला फ्लाईओवर के पास घटना स्थल की पहचान की और मुखबिरों की मदद से दीपक, भूपेंद्र और दीपांशु को दबोच लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि दीपक ने तमंचे सहारनपुर से खरीदे थे। उसने फ्लाईओवर के नीचे फायरिंग कर वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया। बाद में एक तमंचा अपने चचेरे भाई दीपांशु को दिया और दूसरा एक दोस्त को बेच दिया। दीपांशु ने भी दोस्तों पर रौब जमाने के लिए तमंचे के साथ वीडियो बनाया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। एसएसपी अजय सिंह ने साफ चेताया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




