उत्तराखंडस्वास्थ्य

टूटी सड़क नहीं बनी नवजात की मौत का कारण, जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ

चमोली: सिलोडी गांव की गर्भवती महिला को लेकर फैली अफ़वाह, अस्पताल लाते हुए रास्ते में कराया गया प्रसव

चमोली। नारायणबगड़ ब्लॉक के सिलोडी गांव की गर्भवती महिला को लेकर सोशल मीडिया पर फैली खबर पूरी तरह से गलत निकली है। पहले यह सूचना प्रसारित हुई थी कि प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई है। जबकि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि के अनुसार जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।

चमोली के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि सिलोडी गांव निवासी कविता देवी को गुरुवार को अस्पताल लाया जा रहा था। रास्ते में ही डॉक्टरों की टीम ने सुरक्षित प्रसव कराया। उन्होंने कहा कि “सोशल मीडिया पर यह गलत जानकारी फैलाई गई कि नवजात की मौत हो गई है, जबकि वास्तविकता यह है कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।”

इसी बीच, चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने भी स्पष्ट किया कि प्रशासन हर आपात स्थिति में तत्पर है। उन्होंने कहा कि “क्षेत्र में सड़क मार्ग बाधित होने से लोगों को परेशानी हो रही है। गर्भवती महिला की स्थिति की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। महिला अब सुरक्षित हैं।”

हमारे पोर्टल पर भी यह खबर सोशल मीडिया के हवाले से प्रकाशित हो गई थी। हमें इसका खेद है और हम अपने पाठकों को स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि वह जानकारी असत्य थी। अब आधिकारिक तौर पर पुष्टि हो चुकी है कि मां और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।

हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि महिला और शिशु दोनों स्वस्थ रहें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button