देश
Trending

टोलकांड : फौजी से मारपीट पर NHAI की सख्त कार्रवाई, टोल कंपनी पर 20 लाख जुर्माना, ठेका निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू

मेरठ। मेरठ-करनाल हाईवे स्थित भूनी टोल प्लाजा पर सेना के जवान के साथ बर्बर मारपीट मामले को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने गंभीरता से लिया है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के निर्देश पर टोल ठेकेदार मैसर्स धर्म सिंह पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही कंपनी को भविष्य की सभी बोलियों से डिबार कर ठेका निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एनएचएआई ने एक्स पर पोस्ट कर यह जानकारी साझा करते हुए घटना की कड़ी निंदा की है। साथ ही विभागीय जांच के आदेश देते हुए स्थानीय व क्षेत्रीय अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

घटना के बाद बवाल

रविवार रात सरूरपुर क्षेत्र के गांव गोटका निवासी सेना के जवान कपिल कुमार को टोलकर्मियों ने आईडी कार्ड दिखाने के बावजूद टोल पार नहीं करने दिया। विरोध करने पर जवान का मोबाइल और आईडी कार्ड छीनकर खंभे से बांधकर बर्बरता से पीटा गया। बीच-बचाव में आए भाई शिवम और पिता कृष्णपाल को भी लाठियों से घायल कर दिया गया।

वीडियो वायरल होने के बाद सोमवार को मामला तूल पकड़ गया। सुबह गोटका गांव में पंचायत के बाद सैकड़ों ग्रामीणों ने टोल प्लाजा पर धावा बोला और जमकर तोड़फोड़ कर दी। हंगामे के दौरान टोलकर्मी फरार हो गए और ग्रामीणों ने टोल फ्री कर दिया।

पूर्व विधायक संगीत सोम पहुंचे धरने पर

आक्रोशित ग्रामीणों के बीच भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम भी पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर धरना दे दिया। उनकी एसपी देहात डॉ. राकेश मिश्रा से तीखी नोकझोंक भी हुई। सोम ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह लाखों लोगों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।

पुलिस कार्रवाई

छह टोलकर्मी गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। दर्जनों अज्ञात पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। ग्रामीणों ने सुरक्षा इंचार्ज और टोल मैनेजर पर भी कार्रवाई की मांग की है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ग्रामीणों ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद टोल संचालन पर सवाल खड़े हो गए हैं। फौजी पर हमले के मामले ने न केवल स्थानीय लोगों में आक्रोश भड़काया बल्कि प्रशासन व टोल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button