उत्तराखंडधर्म/संस्कृति
Trending

मेहंदी, गीत-संगीत और नृत्य से महक उठा सावन का पारंपरिक उत्सव

उत्तराँचल प्रेस क्लब में तीज की छटा

देहरादून, 27 जुलाई : उत्तराँचल प्रेस क्लब में तीज महोत्सव रविवार को पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। सावन के इस विशेष पर्व पर क्लब की महिला सदस्यों एवं उनके परिवार की महिलाओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भागीदारी की। आयोजन में मेहंदी, गीत-संगीत, नृत्य और पारंपरिक परिधानों की छटा देखते ही बनती थी।

कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं को मेहंदी रचाने से हुई, जिसके बाद डीजे की सुमधुर धुनों पर सभी ने जमकर नृत्य किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उल्लासपूर्ण और यादगार बना दिया।

तीज प्रतियोगिता में रचना रावत ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि संगीता सांगूड़ी द्वितीय और बबीता गुसाईं तृतीय स्थान पर रहीं। मोनिका डबराल को फर्स्ट रनरअप और प्रीति घिल्डियाल को सेकंड रनरअप घोषित किया गया। विजेताओं को विशेष अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन क्लब की सांस्कृतिक संयोजक सुलोचना पयाल और सपना पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि हिमाचल ग्रुप की चेयरमैन इंद्राणी पांधी रहीं, जबकि निर्णायक की भूमिका डॉ. कनिका दत्ता पराशर, प्रबंधक – पराशर पैथोलॉजिस्ट एंड इमेजिंग सेंटर, ने निभाई।

मुख्य अतिथि नेहा जोशी ने कहा कि तीज जैसे सांस्कृतिक पर्व महिलाओं को अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। प्रेस क्लब द्वारा किया गया यह आयोजन इस बात का उदाहरण है कि मीडिया संस्थान भी सांस्कृतिक समरसता और सामाजिक सरोकारों को महत्व देते हैं

विशिष्ट अतिथि इंद्राणी पांधी ने कहा कि तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय नारी के श्रद्धा, सौंदर्य, प्रेम और आत्मबल का उत्सव है। यह पर्व महिलाओं को प्रकृति और संस्कृति से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है।

इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह कण्डारी ने सभी को तीज की शुभकामनाएं दीं और महिला सदस्यों के उत्साह की सराहना की। महामंत्री सुरेन्द्र सिंह डसीला ने मुख्य अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन की सफलता पर बधाई दी।

इस मौके पर क्लब संयुक्त मंत्री रश्मि खत्री, पदेन सदस्य मीना नेगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, संयुक्त मंत्री अभय सिंह कैंतुरा, कोषाध्यक्ष अनिल चंदोला, कार्यकारिणी सदस्य शूरवीर सिंह भण्डारी, मौ. असद, पंकज भट्ट, रमन जायसवाल, किशोर रावत, मनवर रावत सहित कई सदस्य और उनके परिजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन पारंपरिक भोज और मिलन समारोह के साथ हुआ, जिसमें सभी ने तीज के इस पावन अवसर की खुशियों को साझा किया।

 

Related Articles

Back to top button