उत्तराखंड
Trending

मुख्यमंत्री धामी ने दी बड़ी प्रशासनिक और विकास योजनाओं को मंजूरी, CBI जांच और अभियोजन को भी दी स्वीकृति

देहरादून, 23 जुलाई।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राज्यहित में कई अहम निर्णय लेते हुए प्रशासनिक कार्रवाई से लेकर विकास योजनाओं तक पर व्यापक मंजूरी प्रदान की। इन फैसलों में निवेशकों से धोखाधड़ी, वन विभाग में अनियमितताओं की सीबीआई जांच और अभियोजन स्वीकृति से लेकर विभिन्न जिलों में करोड़ों की विकास परियोजनाएं शामिल हैं।

धोखाधड़ी मामलों की जांच CBI को सौंपी जाएगी

मुख्यमंत्री ने “द लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट को-ऑपरेटिव सोसायटी” के संचालकों द्वारा बड़े स्तर पर निवेशकों से धोखाधड़ी के मामलों की जांच CBI को सौंपने की स्वीकृति प्रदान की है। यह कदम उत्तराखण्ड सहित अन्य राज्यों में दर्ज मामलों को गंभीरता से लेते हुए उठाया गया है।

टाइगर सफारी घोटाले में दो पूर्व वन अधिकारियों पर अभियोजन को स्वीकृति

पाखरों टाइगर सफारी निर्माण में अनियमितताओं के आरोप में मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त उप वन संरक्षक अखिलेश तिवारी और सेवानिवृत्त डीएफओ किशन चंद के विरुद्ध अभियोजन की स्वीकृति प्रदान की है। यह कार्रवाई सीबीआई जांच रिपोर्ट में उल्लिखित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के बिंदुओं के आधार पर की गई है।


मानसून में क्षतिग्रस्त पुलों व मार्गों के लिए 32.23 करोड़ की स्वीकृति

मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ के तैयारी एवं क्षमता विकास मद से 27.32 करोड़ रुपये की धनराशि लोक निर्माण विभाग को बैली ब्रिजों की आपूर्ति हेतु स्वीकृत की है। साथ ही वर्ष 2026 में प्रस्तावित श्री नन्दा देवी राजजात यात्रा के मार्गों के सुदृढ़ीकरण के लिए 4.89 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई।


सड़क और पुल निर्माण के लिए मंजूर हुईं कई परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों में सड़क विकास परियोजनाओं के लिए भी कुल 11.45 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है:

  • पौड़ी गढ़वाल (चौबट्टाखाल): भगवतीतलैया-कमलिया-सराईखेत मार्ग हेतु ₹2.71 करोड़
  • हरिद्वार: हिल बाईपास मोटर मार्ग पर पुनर्निर्माण हेतु ₹3.42 करोड़
  • नैनीताल (भीमताल): गर्जिया-बेतालघाट-खैरना मोटर मार्ग के लोडिंग सेतु हेतु ₹7.38 लाख
  • चमोली (कर्णप्रयाग): आदिबद्री-नौटी मार्ग के डामरीकरण हेतु ₹5.23 करोड़

सांस्कृतिक और सामाजिक पहल को भी मिली मंजूरी

मुख्यमंत्री ने देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में “इस्कॉन सांस्कृतिक एवं सामाजिक शिक्षा केंद्र मार्ग” के सुदृढ़ीकरण को स्वीकृति दी है। साथ ही शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में नामकरण की भी घोषणाएं की गईं:

  • सारकोट भराड़ीसैण मोटर मार्ग को अब “शहीद हवलदार स्व. श्री वसुदेव मोटर मार्ग” कहा जाएगा।
  • रा.इ.का. दुगड्डा, यमकेश्वर का नाम “स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री भवानी सिंह रावत” के नाम पर रखा जाएगा।

Related Articles

Back to top button