उत्तराखंडविविध
Trending

देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में सीएम धामी ने किया ‘लीडिंग लेडीज ऑफ इंडिया’ का विमोचन

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मोहनी रोड स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में प्रतिभाग किया। इस मौके पर उन्होंने वेणु अग्रहारा ढींगरा द्वारा लिखित पुस्तक ‘लीडिंग लेडीज ऑफ इंडिया’ का औपचारिक विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साहित्य भावनाओं, विचारों और अनुभवों को व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि सामाजिक और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ाने में साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि ‘लीडिंग लेडीज ऑफ इंडिया’ पुस्तक विशेष रूप से महिलाओं को प्रेरित करेगी और उन्हें आगे बढ़ने का मार्ग दिखाएगी।

सीएम धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार महिला सशक्तीकरण की दिशा में लगातार प्रयासरत है। राज्य में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है, जिससे महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है। आज प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की आत्मा उसकी संस्कृति में बसती है और सरकार इसे संरक्षित एवं संवर्धित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से राज्य में प्रवासी उत्तराखंड सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को अपनी जड़ों से जोड़े रखना है। प्रवासी सम्मेलन के बाद अनेक प्रवासियों ने अपने मूल गांवों के विकास एवं प्रदेश के समग्र विकास में सहयोग देने की इच्छा जताई है।

कार्यक्रम में गीता पुष्कर धामी, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, दून इंटरनेशनल स्कूल समूह के संस्थापक डी.एस. मान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button