
रामगढ़ तहसील के पटवारी प्रकाश चंद्र ने जमीन का खसरा देने के बदले में मांगे 25 हज़ार
नैनीताल, 1 अक्टूबर : रामगढ़ तहसील के राजस्व उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र को रिश्वत मांगने के आरोप में जिलाधिकारी वंदना ने निलंबित कर दिया है। शिकायत और उपलब्ध ऑडियो की प्राथमिक जांच में आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
फेसबुक पर वायरल हुआ रिश्वत का ऑडियो
डीएम ने बताया कि राजस्व उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र का एक ऑडियो फेसबुक पर वायरल हुआ है, जिसमें वह भूमि का खसरा देने के एवज में पैसे की मांग कर रहे हैं। जांच में पुष्टि हुई कि यह आवाज प्रकाश चंद्र देवतल्ला की ही है।
आरोप है कि प्रकाश चंद्र सरकारी कार्यों में लापरवाही बरत रहे थे, काम में बेवजह देरी कर रहे थे और खसरा देने के लिए 25 हजार से 50 हजार रुपये तक की रिश्वत मांग रहे थे।
निलंबन अवधि में खनस्यूं में संबद्ध
निलंबन की अवधि में प्रकाश चंद्र को तहसील खनस्यूं में संबद्ध किया गया है। डीएम ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में जिला प्रशासन किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरतेगा।
विभागीय जांच के आदेश
जिलाधिकारी वंदना ने इस प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए प्रकाश चंद्र के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।




