
20 लाख के बीमे और इश्क के लिए पति की ली जान, रात 2 बजे बिस्तर पर छोड़ा करैत सांप
एक खौफनाक साजिश, जिसने पति-पत्नी के रिश्ते पर भरोसा हिला दिया। महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसकी कल्पना भी मुश्किल है। पहले दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पति को गहरी नींद में सुलाया गया और फिर आधी रात जहरीले करैत सांप से डसवाकर उसकी जान ले ली। वारदात को हादसा साबित करने की पूरी तैयारी थी, लेकिन पुलिस की बारीकी से की गई जांच ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया। प्रेम संबंध, 20 लाख रुपये की बीमा राशि और साथ नई जिंदगी शुरू करने की चाह इस सनसनीखेज हत्या की सबसे बड़ी वजह बनकर सामने आई।
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल संचालक की हत्या का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि स्कूल संचालक अतुल कुमार (32) की हत्या उनकी पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी तुषार पायला और दो सपेरों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से कराई। हत्या के लिए देश के सबसे जहरीले सांपों में गिने जाने वाले करैत का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात दामिनी ने अपने पति को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं। जब अतुल गहरी नींद में सो गए, तब रात करीब दो बजे प्रेमी तुषार पायला दो सपेरों सोनू और उदय के साथ घर पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने करैत सांप को बिस्तर पर छोड़ दिया, जिसने अतुल के पैर में डस लिया। वारदात के बाद तुषार और दोनों सपेरे मौके से फरार हो गए, जबकि दामिनी अपने छह वर्षीय बेटे के साथ दूसरे कमरे में जाकर सो गई।
सुबह करीब छह बजे दामिनी ने शोर मचाते हुए परिजनों को बताया कि अतुल को सांप ने काट लिया है। कमरे में सांप मौजूद था और अतुल के पैर पर डसने के निशान भी मिले, जिससे शुरुआत में सभी ने इसे सांप के काटने से हुई सामान्य मौत माना।
हालांकि, पुलिस पूछताछ के दौरान दामिनी ने बताया कि वह गर्मी लगने के कारण बेटे के साथ दूसरे कमरे में सो गई थी। उसके बयान पर परिवार को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दामिनी को हिरासत में लेकर उसके मोबाइल और कॉल डिटेल की जांच की, जिसमें स्कूल के वैन ड्राइवर तुषार पायला से लगातार बातचीत के सबूत मिले।
तुषार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने पूरी साजिश कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, अतुल ने करीब 20 लाख रुपये का बीमा कराया हुआ था। दामिनी और तुषार की योजना हत्या के बाद बीमा की रकम हासिल कर नई जिंदगी शुरू करने की थी। इसी मकसद से दोनों ने करीब पांच लाख रुपये में दो सपेरों से सौदा किया और जहरीले करैत सांप से अतुल की हत्या कराई।
जांच में यह भी सामने आया कि दामिनी और तुषार के बीच प्रेम संबंध करीब दो साल पहले शुरू हुए थे। तुषार स्कूल में करीब 10 हजार रुपये मासिक वेतन पर वैन ड्राइवर की नौकरी करता था। दोनों शादी करना चाहते थे और अतुल उनके रास्ते की सबसे बड़ी बाधा बन गए थे।
पुलिस के मुताबिक, यह हत्या अचानक नहीं की गई। पिछले करीब एक साल से अतुल को रास्ते से हटाने की साजिश रची जा रही थी। कुछ समय पहले एक कार से उन्हें टक्कर मारने की भी कोशिश की गई थी, लेकिन वह बच गए। उस घटना में दामिनी ने शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया था। इसके अलावा अतुल के खाने में लंबे समय से नशीली गोलियां मिलाई जा रही थीं। अतुल को इस बात का संदेह हो गया था और उन्होंने अपनी मां से भी इसकी शिकायत की थी। कई बार उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती भी कराना पड़ा था।
पांच लाख रुपए में हुआ था सपेरों से सौदा
पहले की सभी कोशिशें नाकाम होने के बाद आरोपियों ने सांप से डसवाकर हत्या करने की योजना बनाई। तुषार अपने परिचित सपेरों सोनू और उदय के संपर्क में था। दोनों से पांच लाख रुपये में सौदा तय हुआ। घटना वाले दिन बाजार से नींद की गोलियां खरीदी गईं और रात में योजना के मुताबिक पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।
एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि शुरुआत से ही दामिनी सांप के काटने से मौत होने की बात कह रही थी, लेकिन सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच में उसके प्रेम संबंध और साजिश का खुलासा हो गया। तुषार के मोबाइल से डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर भी बरामद हुई, जो घटनास्थल पर मिले सांप से मेल खाती थी। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी वारदात स्वीकार कर ली।
सात साल पहले की थी लव मैरिज
अतुल कुमार ने करीब सात वर्ष पहले परिवार की इच्छा के खिलाफ दामिनी से प्रेम विवाह किया था। बाद में उन्होंने नौकरी छोड़कर कृष्ण किड्स प्ले स्कूल की स्थापना की, जहां नर्सरी से कक्षा पांच तक करीब 150 बच्चे पढ़ते हैं। दंपती मिलकर स्कूल का संचालन करते थे। परिवार के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद दामिनी ने परिवार से अलग रहने की बात कही थी, जिसके बाद अतुल पत्नी और बेटे के साथ किराये के मकान में रहने लगे।
पुलिस ने आरोपी पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी तुषार पायला और दोनों सपेरों सोनू व उदय को गिरफ्तार कर हत्या, आपराधिक साजिश सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया।




