Breaking Newsअन्य प्रदेशअपराध
Trending

मायके जाने की जिद पड़ी भारी : पति ने पत्नी की नाक काटी, मां ने ननद से लिया बदला

घरेलू विवाद ने लिया हिंसक मोड़, दोनों पक्षों की महिलाओं की नाक दांतों से काटी गई; पुलिस जांच में जुटी

मायके जाने की जिद ने ऐसा खूनी बवाल खड़ा कर दिया कि पहले पति ने गुस्से में पत्नी की नाक दांतों से काट डाली। बेटी को इस हालत में देखकर मां का गुस्सा भी फूट पड़ा और उसने बदला लेने के लिए दामाद की बहन की नाक दांतों से काट दी। कुछ ही मिनटों में दोनों परिवारों के बीच चीख-पुकार, मारपीट और अफरा-तफरी मच गई।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के पडुआ थाना क्षेत्र में शनिवार को घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मायके जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। घटना में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका अस्पताल में इलाज कराया गया है, जबकि पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।

मायके जाने की बात पर भड़का विवाद

जानकारी के अनुसार, श्रवण कश्यप की शादी करीब चार वर्ष पहले प्रीति से हुई थी। दोनों का मायका और ससुराल एक-दूसरे से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है। परिवार में एक रिश्तेदार की शादी होने के कारण प्रीति मायके जाना चाहती थी, लेकिन श्रवण इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में श्रवण ने पत्नी की पिटाई की और फिर उसकी नाक दांतों से काट दी।

बेटी की हालत देख मां ने लिया बदला

घायल प्रीति ने फोन कर अपने मायके वालों को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उसके माता-पिता और अन्य परिजन ससुराल पहुंच गए। बेटी की हालत देखकर उसकी मां का गुस्सा फूट पड़ा। दोनों परिवारों के बीच पहले तीखी बहस हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान बीच-बचाव करने आई श्रवण की 18 वर्षीय बहन मोनी को प्रीति की मां ने पकड़ लिया और उसकी नाक भी दांतों से काट दी। वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस ने कराया शांत, दोनों का हुआ मेडिकल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। घायल महिलाओं को अस्पताल भेजकर उनका मेडिकल कराया गया। इसके बाद दोनों परिवार थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के विवाद के बाद दोनों परिवार भी आमने-सामने आ गए, जिससे मामला हिंसक हो गया। दोनों पक्षों की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button