प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत: होमस्टे में महिला की मौत, BSF जवान पर हत्या का मुकदमा

जहर देने के आरोप के बाद खुद भी जहर खाने की बात कही, पुलिस ने होमस्टे से आरोपी को अचेत हालत में किया बरामद
देहरादून। हर्रावाला के एक होमस्टे में बुधवार सुबह प्रेम प्रसंग का दर्दनाक और सनसनीखेज अंत सामने आया। यहां एक विवाहित महिला मृत मिली, जबकि उसके साथ मौजूद बीएसएफ का जवान अचेत अवस्था में मिला। आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को फोन कर महिला को जहर देने और स्वयं भी जहर खाने की बात कही थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया। महिला के पति की तहरीर पर आरोपी जवान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे क्लेमनटाउन थाना पुलिस से हर्रावाला पुलिस चौकी को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया है कि उसने अपनी महिला मित्र को जहर दे दिया है और स्वयं भी जहर खा लिया है। उसने अपनी लोकेशन भी मोबाइल से साझा की थी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कमलेश गौड़ पुलिस टीम के साथ लोकेशन ट्रेस करते हुए मियांवाला फ्लाईओवर के पास स्थित एक होमस्टे पहुंचे। पहली मंजिल का दरवाजा खटखटाने पर एक युवक ने दरवाजा खोला, जिसकी हालत बिगड़ी हुई थी। कमरे के अंदर एक महिला बेड पर मरणासन्न अवस्था में पड़ी मिली। पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक का उपचार पुलिस निगरानी में चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
होमस्टे के रजिस्टर में महिला की पहचान आरती बिष्ट (40), निवासी गुलरघाटी तथा युवक की पहचान प्रमेन्द्र नेगी, निवासी मोहब्बेवाला, बेल रोड के रूप में दर्ज मिली। पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना देने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। परिजनों ने भी पुलिस को बताया कि उन्हें इस संबंध की जानकारी थी और दोनों को कई बार समझाने का प्रयास किया गया था। मृतका विवाहित थी और उसके 17 व 15 वर्ष की आयु के दो बच्चे हैं। वहीं, आरोपी प्रमेन्द्र नेगी गुजरात के भुज में बीएसएफ में तैनात बताया जा रहा है।
महिला के पति अनिल बिष्ट की तहरीर पर डोईवाला थाना पुलिस ने प्रमेन्द्र नेगी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश तुषार मेहता, कोतवाल डोईवाला राकेश गुसाईं, चौकी प्रभारी हर्रावाला कमलेश गौड़ सहित पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौजूद रही।
घटना के बाद हर्रावाला और मियांवाला क्षेत्र में संचालित कुछ होमस्टे की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ होमस्टे पर्यटन गतिविधियों के बजाय अन्य उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने की मांग की है।



