अपराध
Trending

नीले ड्रम में मिली एक और लाश, 4 दिन से लापता था पैथोलॉजी संचालक

🔴 रिश्तों का खौफनाक अंत

लखनऊ। लखनऊ के आशियाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लापता पैथोलॉजी संचालक का शव घर के अंदर ड्रम में बरामद होने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में जो कहानी सामने आई है, उसने पिता-पुत्र के रिश्ते को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि पढ़ाई और करियर को लेकर हुए विवाद ने इस वारदात को जन्म दिया।

चार दिन से लापता थे मानवेंद्र सिंह
मृतक की पहचान वर्धमान पैथोलॉजी के मालिक मानवेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो 20 फरवरी से लापता थे। थाना आशियाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सोमवार को सेक्टर L स्थित मकान नंबर 91 से एक ड्रम के अंदर उनका शव बरामद हुआ, जिसके बाद हत्या की आशंका के आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी।

बेटे ने कबूला जुर्म
विक्रांत वीर (डीसीपी सेंट्रल) ने बताया कि मृतक के बेटे अक्षत प्रताप सिंह (उम्र करीब 19 वर्ष) से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 20 फरवरी की सुबह करीब 4:30 बजे पिता से विवाद के बाद उसने आवेश में आकर लाइसेंसी राइफल से गोली मार दी, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन पिता और बेटे के बीच नीट की तैयारी और पढ़ाई को लेकर तीखी बहस हुई थी। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान पिता ने राइफल निकालकर बेटे को डराने की कोशिश की, लेकिन शांत होने का भरोसा देने पर राइफल साइड में रख दी। इसी दौरान बेटे ने कथित तौर पर राइफल उठाकर पिता के सीने में गोली चला दी।

सबूत मिटाने के लिए रची साजिश
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। उसने शव को तीसरी मंजिल से नीचे लाकर ग्राउंड फ्लोर के एक खाली कमरे में रखा। बाद में शव को आरी से काटकर ड्रम में भर दिया। कुछ अंगों को सदरौना इलाके के पास फेंकने की बात भी सामने आई है।
गोली की आवाज सुनकर घर में मौजूद 16 वर्षीय बहन नीचे आई तो आरोपी ने उसे धमकाया और चुप रहने को कहा। डर के कारण उसने किसी को कुछ नहीं बताया।

ऐसे हुआ खुलासा
मानवेंद्र सिंह चार दिन तक घर नहीं लौटे तो पड़ोसियों को शक हुआ। पड़ोसी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वे लगातार तलाश कर रहे थे। जब पुलिस से संपर्क किया गया तो बेटे ने पहले आत्महत्या की कहानी बताई, लेकिन सख्ती से पूछताछ में वह टूट गया और कथित रूप से पूरी घटना स्वीकार कर ली।

जांच जारी
पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट से मौत के कारण और समय को लेकर स्पष्टता आएगी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
इस मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या यह सिर्फ अचानक हुए विवाद का परिणाम था या इसके पीछे कोई पूर्व योजना थी। पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button